चैनल हिंदुस्तान डेस्क: दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित कहा कि कांग्रेस सरकार के 15 साल के कार्यकाल में दिल्ली की शक्ल बदल गई थी। बीते चार साल में आम आदमी पार्टी की हकीकत जनता के सामने आ चुकी है। विधानसभा चुनाव में 67 सीट मिलने के बाद भी ‘आप’ अब कांग्रेस से गठबंधन करने को बेचैन है। कांग्रेस के बेहतरीन कार्य की वजह से ही पूर्वी दिल्ली तक मेट्रो आई और अस्पताल भी उपलब्ध हुए।
शीला दीक्षित ने कहा कि जल्द ही पूरे हिंदुस्तान का चुनाव आना है। यह साबित हो गया है कि देश को अब कांग्रेस की आवश्यकता है। लोग चाहते हैं कि कांग्रेस की सरकार बने और देश आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह का नेतृत्त्व कांग्रेस में है। वह देश को आगे बढ़ाने के लिए है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पूरे देश की राजधानी है। यहां पर जब विकास होता है, तो वह पूरे देश में फैल जाता है। इससे हमारी व आपकी जिम्मेवारी और भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सातों सांसद बीते पांच साल में हर मोर्चे पर फेल साबित हुए हैं और अब भाजपा पर दिल्ली वालों को विश्वास नहीं है।