चैनल हिंदुस्तान डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहली बार साथ में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि एक लंबा चुनावी अभियान समाप्त हुआ। आज प्रधानमंत्री भी हमारे साथ हैं इसलिए मैं उनका स्वागत करता हूं। 2014 में देश की जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया था और देश में पहली बार पूर्ण बहुमत में गैर कांग्रेसी सरकार बनी थी। उसी वक्त पार्टी ने तय किया था कि यह सरकार बेहतरीन तरीके से काम करे और यह प्रयोग असफल ना हो। इन पांच सालों में ‘नरेंद्र मोदी’ प्रयोग को देश ने स्वीकारा है और अगले चुनाव में भी यह प्रयोग सफल होगा और नरेंद्र मोदी सरकार फिर से बनेगी। अमित शाह ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत को एक शक्ति के रूप में स्थापित करने का काम मोदी सरकार ने किया है।
ये चुनाव आजादी के बाद के चुनाव में भाजपा की दृष्टि से सबसे ज्यादा मेहनत करने वाला, सबसे विस्तृत चुनाव अभियान रहा है।
भाजपा जनसंघ के समय से और भाजपा के बनने के बाद से संगठनात्मक तरीके से काम करने वाली पार्टी रही है। संगठन हमारे सभी कामों का प्रमुख अंग रहा है।भाजपा की सरकार ने गरीबों और महिलाओं के लिए काम किया और हम कर रहे हैं।
अमित शाह ने नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने बूथ और शक्ति केंद्रों की रचना के साथ जितने चुनाव आए लगभग सभी में हमने सफलता प्राप्त की। 2014 में हमारे पास 6 सरकारें थीं आज हमारे पास 16 सरकारें हैं। हमने 50 करोड़ गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। उन्हें आधारभूत सुविधाएं देकर एहसास कराया है कि देश के विकास में उनकी भी हिस्सेदारी है।
अमित शाह ने कहा कि ये पहला ऐसा चुनाव है जहां विपक्ष की ओर से महंगाई और भ्रष्टाचार चुनाव के मुद्दे नहीं थे। यह पहला ऐसा चुनाव है जहां विपक्ष की ओर से महंगाई और भ्रष्टाचार चुनाव के मुद्दे नहीं थे। बहुत समय बाद देश की जनता ने ऐसा चुनाव देखा है जिसमें ये मुद्दे गायब थे। देश के गरीब, किसान, महिला, गांव, शहर समाज के हर वर्ग को हमारी सरकार की 133 योजनाओं ने छुआ है। 133 योजनाओं के आधार पर देश में नयी चेतना की जागृति हुई है।