चैनल हिंदुस्तान डेस्क: बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के नारायणपुर मनसातला काॅलोनी के बूथ नंबर 121/122 में भाजपा की एजेंट बेबी मल्लिक को बूथ में नहीं जाने देने का आरोप तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा है। आरोप के अनुसार, तृणमूल कार्यकर्ता स्थानीय वोटरों को डरा धमका रहे हैं। स्थानीय प्रशासन इस बारे में कुछ नहीं कर रहा। बेबी ने बताया कि उन्हें बूथ में जाने से रोका गया। उन्होंने संशय जताया कि उन पर हमला हो सकता है।
वोटरों को वोट देने में बाधा देने की बात का पता चलते ही भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन सिंह मानसातला पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने अर्जुन सिंह गो बैक का नारा लगाया। भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि सिक्योरिटी को स्थानीय पुलिस भ्रमित कर रही है। उन्हें सटीक काम करने से रोका जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार हैं। बैरकपुर क्षेत्र में कई जगहों पर मतदाताओं को प्रभावित करने की बात सामने आ रही है। चुनाव आयोग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यहां के वोटर वोट दे पायें।