चैनल हिंदुस्तान डेस्क: बॉलीवुड के जाने माने फिल्म प्रोड्यूसर राजकुमार बड़जात्या ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। मुंबई के एचएन रिलाइंस फाउंडेशन अस्पताल में राजकुमार ने अंतिम सांस ली। गुरुवार सुबह फिल्म प्रोड्यूसर राजकुमार का निधन हुआ। फिल्म ट्रेड एनेलिस्ट कोमल नेहता ने अपने ट्विटर अकाउंट से इस बाबत जानकारी दी। अपने पोस्ट में कोमल ने लिखा- ‘बहुत शॉकिंग खबर है। श्री राजकुमार बड़जात्या अब इस दुनिया में नहीं रहे। कुछ मिनट पहले ही उन्होंने अंतिम सांस ली। रिलाइंस हरकिसंदास अस्पताल में उनका निधन हुआ। यकीन नहीं होता। कुछ हफ्ते पहले ही मारी मुलाकात हुई थी। हम प्रभादेवी के ऑफिस में मिले थे। उन्होंने मेरे और मेरी फैमिली के साथ काफी वक्त गुजारा था। वह बिलकुल स्वस्थ लग रहे थे। और अब वह हमारे बीच नहीं रहे हैं।’
ज्ञात हो कि राजकुमार बड़जात्या ने अपने राजश्री प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले कई सुपरहिट पारिवारिक फिल्में बनाईं। उन्हें फैमिली ड्रामा तरह की फिल्में बनाने में महारत हासिल थी। उन्होंने सलमान खान स्टारर फिल्म हम आपके हैं कौन? हम साथ साथ हैं, विवाह और प्रेम रतन धन पायो जैसी फिल्मों का निर्माण किया। उनकी हर फिल्म में प्रेम नाम का कैरेक्टर जरूर होता था। उनके प्रोडक्शन की आखिरी फिल्म हम चार रही। यह फिल्म 15 फरवरी 2019 को रिलीज हुई है।
यहां चर्चा कर दें कि सूरज बड़जात्या राजकुमार बड़जात्या के बेटे हैं। राजकुमार की पत्नी सुधा बड़जात्या हैं। राजकुमार बड़जात्या के निधन के कारणों का अभी पता नहीं चला है, फिलहाल इस बाबत अभी जानकारी आना बाकी है।