चैनल हिंदुस्तान डेस्क: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इस दस्तावेज में जो कुछ लिखा है वह सच है। आज जबकि देश में चारों ओर झूठ का राज है यह दस्तावेज सच का सुबूत है और इसमें जो कुछ लिखा गया है उसे हम पूरा करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हम देश की जनता को न्याय दिलाने का वादा करते हैं। युवाओं को रोजगार का भरोसा देते हैं।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने घोषणापत्र कमेटी के कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस दस्तावेज के निर्माण में पी चिदंबरम ने अहम भूमिका निभाई है। मनमोहन सिंह ने अहम सुझाव दिये हैं और जिन लोगों की भी भूमिका इस दस्तावेज के निर्माण में है, मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं।
कांग्रेस कार्यालय, अकबर रोड में चुनावी वादों को जारी करने के लिए कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेता उपस्थित थे। मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम मौजूद हैं। अपने संबोधन में घोषणापत्र कमेटी के अध्यक्ष पी चिदंबरम ने कहा कि इस मेनिफेस्टो में लाखों लोगों की आवाज को शामिल किया गया है। चिदंबरम ने बताया कि घोषणापत्र को ‘जनआवाज’ नाम दिया गया है। इस मेनिफेस्टो में न्याय और सुरक्षा की बातों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। पी चिदंबरम ने बताया कि भाजपा के राज में 4.70 करोड़ नौकरियां गयीं हैं।
अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बताया कि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश के लाखों लोगों की आवाज है और यह उनके सम्मान और प्रतिष्ठा को सुरक्षित करने का दस्तावेज है। यह दस्तावेज है कांग्रेस पार्टी के विचारों और घोषणाओं का, जो लोगों की उम्मीदों को पूरा करेगा। कांग्रेस की स्टार प्रचारक और महासचिव प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेता कार्यक्रम में उपस्थित हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी घोषणा पत्र जारी होने से पहले ही न्यूनतम आय योजना की घोषणा कर चुके हैं। साथ में उन्होंने शिक्षा पर खर्च को लेकर भी बयान दिया है। बताया जा रहा है कि 2019 के लिए 19 बड़े वादे किये जायेंगे। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और प्रियंका गांधी की उपस्थिति में आज कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया गया।