मतदान करने के बाद गिरिराज बोले पार्टी ने मुझे इसलिए बेगूसराय भेजा ताकि कोई उसे पाकिस्तान न बना सके साथ ही प्रियंका वाड्रा पर कही ये बात..
चैनल हिंदुस्तान डेस्क: भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लखीसराय के बड़हिया मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान करने के बाद गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा और उन्हें डरे सहमे, हताश लोगों की जमात बता दिया।
इसके बाद उन्होंने प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वो तो डरपोक हैं। अपने को नेता मानती हैं लेकिन उनकी हिम्मत नहीं हुई कि वो देश के पीएम के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ सकें।
गिरिराज सिंह बेगूसराय सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं और आज सीट पर भी मतदान हो रहा है, जहां उनके सामने जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार हैं। इस सीट पर दोनों के बीच कांटे की टक्कर होने की बात कही जा रही है।
उन्होंने कहा कि एनडीए इस बार 400 के पार जाएगा। गंगा के इस पर और उस पर मोदी लहर है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की हवा निकल जाएगी। पार्टी ने मुझे इसलिए बेगूसराय भेजा ताकि कोई उसे पाकिस्तान न बना सके। भारत मां का बेटा मातृभूमि की रक्षा करना मेरा कर्तव्य है।
ज्ञात हो कि बिहार की बेगूसराय ऐसी सीट है जिस पर काफी लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। क्योंकि इस सीट पर काफी विवादित और चर्चित कन्हैया कुमार लड़ रहे हैं। कन्हैया कुमार के सामने बीजेपी के कद्दावर नेता गिरिराज सिंह हैं। कन्हैया कुमार सीपीआई के उम्मीदवार हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सीपीआई को यहां से एक फीसदी से भी कम वोट मिला था।