चैनल हिंदुस्तान डेस्क: न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की मस्जिदों में शुक्रवार को एक बंदूकधारी के हमले में अभी तक 49 लोगों की जान चली गयी। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने इस गोलीबारी को ‘‘न्यूजीलैंड के सबसे काले दिनों में से एक’ बताया। ऑर्डर्न ने इस हमले को देश का सबसे काला दिन करार देते हुए कहा है कि मस्जिद में कई जगहों से फायरिंग हो रही है। उन्होंने लोगों को सुरक्षित जगह रहने का आग्रह करते हुए कहा कि हमलावर अभी भी सक्रिय है वह और लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा, ‘न्यू जीलैंड में हिंसा की कोई जगह नहीं है।’
दो मस्जिदों में हुए हमलों में 49 लोगों की मौत हो गयी और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों की संख्या की पुष्टि न्यूजीलैंड पुलिस ने की है। मस्जिदों में दोपहर को (भारतीय समय के अनुसार शुक्रवार सुबह) जब हमला हुआ, उस समय लोगों की भीड़ वहां जुम्मे की नमाज के लिए एकत्र थी और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सदस्य वहां पहुंच रहे थे। स्थानीय मीडिया ने बताया कि पुलिस हमलावर को पकड़ने की कोशिश कर रही है जो अब भी ‘‘सक्रिय’ है। शहर की घेरेबंदी कर दी गयी है जिसके चलते कोई भी व्यक्ति शहर के अंदर या शहर से बाहर नहीं जा सकता। पुलिस आयुक्त माइक बुश ने कहा है कि स्थिति लगातार बदल रही है और हम तथ्यों की पुष्टि के लिए काम कर रहे हैं। हम यह पुष्टि कर सकते हैं कि कई लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति हिरासत में है लेकिन अन्य हमलावरों के गोलीबारी में शामिल होने की आशंका है। बुश ने कहा कि पुलिस हालात को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश कर रही है लेकिन जोखिम अधिक है। मध्य क्राइस्टचर्च स्थित मस्जिद अल नूर में जब हमला हुआ, तब नमाज पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। उपनगर लिनवुड स्थित एक अन्य मस्जिद में हमला हुआ।