चैनल हिंदुस्तान डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने पूरी दुनिया को योग दिवस की बधाई दी है। झारखंड की राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day 2019) के मुख्य समारोह में शिरकत करते हुए उन्होंने कहा कि योग धर्म और जाति से ऊपर है। इसे हर आदमी के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। इसके जरिये हम गंभीर बीमारियों से निजात पा सकते हैं। योग दिवस पर पीएम ने शांति, समृद्धि और सद्भाव का संदेश देते हुए कहा कि झारखंड की राजधानी रांची में इसके मनाए जाने के विशेष मायने हैं।
पीएम ने दुनिया भर में योग दिवस के अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हो रहे लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि योग धर्म और जाति से ऊपर है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बहुत सारे लोगों के मन में सवाल है कि मैं रांची क्यों आया। मेरे लिए रांची आने की तीन बड़ी वजहें हैं। झारखंड वन प्रदेश है। यहां योग करने का अनुभव प्रकृति के गोद में योग करने जैसा है। कहा कि सितंबर में आयुष्मान भारत योजना की यहीं से शुरुआत की। तीसरी और सबसे बड़ी वजह यहां के आदिवासी हैं। पीएम ने कहा कि योग के जरिये हम सबको आधुनिक युग की यात्रा शहरों से गांवों की तरफ, जंगलों की तरफ, गरीबों की तरफ ले जाना है। योग को गरीब आदिवासी के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। गरीब ही है जो बीमारी से सबसे अधिक परेशान होता है। अंतिम आदमी तक पहुंचे योग।