चैनल हिंदुस्तान डेस्क: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंच चुके हैं। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा का यह पहला दौरा है। ज्ञात हो कि इस साल झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं, इस लिहाज से उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। झारखंड दौरे से संबंधित सवाल पर जेपी नड्डा ने कहा कि वह संगठन के आदमी हैं और संगठन के कामकाज को देखने के लिए वहां जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में संगठन मजबूत स्थिति में है।
यह पूछे जाने पर क्या वे संगठन के बारे में कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लेंगे? इस पर श्री नड्डा ने कहा कि अभी इसकी जरूरत नहीं है। संगठन को और अधिक मजबूत और विस्तार करने पर फोकस किया जायेगा। श्री नड्डा का बिहार और झारखंड से पुराना नाता रहा है। उनका छात्र जीवन पटना में बीता है और उन्हें बिहार और झारखंड की राजनीति की पूरी समझ है तथा वह संगठन और सरकार के काम से भी वाकिफ हैं। गौरतलब है कि पार्टी ने इस बार चुनाव में 65 प्लस सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।