चैनल हिंदुस्तान डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि लोकतंत्र देश की ‘सबसे अमूल्य संपत्ति’ है। वहीं, इसके साथ उन्होंने लोगों आग्रह किया कि देश का साथ देते रहे और इसका विभाजन ना हो सके इसकी शपथ लें। बता दें कि सीएम ममता ने गुरुवार आधी रात को देश के 73 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने निवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में तिरंगा फहराया।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं स्वतंत्रता दिवस पर अपने सभी देशवासियों को सलाम करती हूं। लोकतंत्र हमारी सबसे अमूल्य संपत्ति है। आइए आज हम भारत को कभी भी डिवाइड न करने की शपथ लें। हमें भारत को एकजुट करना होगा। जाति या मज़हब के बावजूद, हम सभी एक हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि धर्मनिरपेक्षता हमें एक राष्ट्र की पहचान और एकजुट करती है।
सीएम ममता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमें हमेशा राजनीतिक स्वतंत्रता, आर्थिक स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए प्रयास करना चाहिए और लोकतांत्रिक अधिकारों को संरक्षित करना चाहिए। जब ये नहीं दिए जाते हैं, तो हमें इन अधिकारों को पाने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलनों का आयोजन करना चाहिए’।