चैनल हिंदुस्तान डेस्क: तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ 13 फरवरी को आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा आयोजित गैर-भाजपा नेताओं की बड़ी रैली में भाग लेने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली रवाना होंगी। तृणमूल के एक नेता ने सोमवार को कहा कि ममता के बृहस्पतिवार तक नई दिल्ली में ही रहने की संभावना है। उन्होंने कहा, ‘‘कार्यक्रम के अनुसार, ममता 12 फरवरी को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी और 13 फरवरी को आप द्वारा आयोजित विपक्ष की रैली में शामिल होंगी। वह विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं से भी मिलेंगी।’ आप की ओर से ‘तानाशाही हटाओ, देश बचाओ’ रैली 13 फरवरी को जंतर मंतर पर आयोजित की जायेगी और 19 जनवरी को ममता द्वारा आयोजित विपक्ष की महारैली में शामिल लगभग सभी दल इसमें भाग लेंगे। तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू भी इसमें भाग लेंगे। हालांकि, कांग्रेस के आप रैली में भाग लेने की संभावना नहीं है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 13 व 14 फरवरी को नई दिल्ली में विपक्ष के विभिन्न नेताओं के साथ बैठक करेंगी, जिसमें सभी विपक्षी पार्टियां लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ एक साथ लड़ने की रणनीति बनाएंगी।
