चैनल हिंदुस्तान डेस्क: भारत के दिग्गज विकेटकीपर एवं पूर्व कप्तान बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 15 दिनों तक जम्मू कश्मीर में सैनिकों के साथ वक्त बिताएंगे। वो 31 जुलाई से 15 अगस्त तक यहां सैनिकों के साथ रहेंगे। इस दौरान वह 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन (पैरा) के साथ 15 दिन बिताएंगे।
ये यूनिट कश्मीर में तैनात है और विक्टर फोर्स का हिस्सा है। धोनी इस दौरान गश्त, गार्ड और पोस्ट ड्यूटी करेंगे।
बता दें कि 38 वर्षीय धोनी ने बीसीसीआई को पहले ही बता दिया था कि वह दो महीने किसी भी तरह की क्रिकेट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
धोनी ने कहा था वह सैनिकों के साथ समय बिताएंगे। धोनी वेस्ट इंडीज दौरे के लिए भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। पूर्व भारतीय कप्तान को 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक सौंपी गई थी। तब से केवल एक बार उन्हें प्रशिक्षण दिया गया था।
आईपीएल में उनका लंबा सत्र रहा था और फिर चोट के बावजूद वह विश्व कप में खेले थे, इसलिए अब उन्हें यह महसूस हुआ है कि ब्रेक लेना उनके लिए महत्वपूर्ण है। जिसके बाद उन्होंने सैनिकों के साथ रहने का फैसला किया।
धोनी टैरिटोरियल आर्मी की पैराशूट रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। धोनी के वेस्टइंडीज टूर से दूर रहने की खबर के साथ ही उनके संन्यास की खबरें भी जोर पकड़ने लगी थीं। हालांकि, कप्तान विराट कोहली ने यह स्पष्ट कर दिया था कि धोनी के भविष्य को लेकर टीम प्रबंधन को उनकी तरफ से कोई जानकारी नहीं मिली है।