चैनल हिंदुस्तान डेस्क: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिला के नैहाटी में भाजपा की जिला अध्यक्ष से रविवार रात मारपीट और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गयी। हमले का आरोप सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। भाजपा का आरोप है कि नैहाटी के पावर हाउस मोड़ पर पार्टी की जिला अध्यक्ष फाल्गुनी पात्र के साथ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने मारपीट की। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार उक्त हमले के बाद दोनों दलों ने एक दूसरे के पार्टी कार्यालय पर हमले किये। घटना को लेकर भाजपा समर्थकों ने थाने के सामने प्रदर्शन किया।
पीड़ित भाजपा नेता फाल्गुनी पात्र हालिशहर नगर पालिका की 23 नंबर वार्ड की पार्षद भी हैं। फाल्गुनी का आरोप है कि नैहाटी पावर हाउस मोड़ पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता सुब्रत दास के साथ मारपीट की थी। उसकी दुकान में तोड़फोड़ की गयी थी। इसके बाद सुब्रत दास को देखने पहुंचने पर फाल्गुनी पर हमला किया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत की। उधर सूचना पाकर बैरकपुर से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह भी मौके पर पहुंचे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप थाने में शिकायत करने जाने के दौरान फिर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। संघर्ष में पांच लोग घायल हो गए। वहीं पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने पूरी घटना से इंकार किया है।