चैनल हिंदुस्तान डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सांसदों को कई अहम परामर्श एवं निर्देश दिए हैं। बंगाल में दल की मजबूती के लिए उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों को धार्मिक और सामाजिक दोनों प्रकार के विषयों से जुड़ने का परामर्श दिया है।
सूत्रों के अनुसार उन्होंने सबसे पहले यहां के दुर्गापूजा को महत्व देने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य पूजा-पाठ से भी जुड़ने का भाजपा सांसदों को परामर्श दिया है। पीएम मोदी ने अपनी पार्टी के सांसदों को बंगाल की स्थिति पर नजर रखने एवं इस बारे में अपने-अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को बताने को कहा है। संसद सत्र चलने के दौरान पीएम मोदी ने दिल्ली स्थित सरकारी आवास में भाजपा सांसदों के साथ बैठक की। पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू, सुभाष सरकार एवं अर्जुन सिंह बैठक में उपस्थित थे।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा का प्रभाव बढ़ा है। कई सत्तारूढ़ दल के नेता एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भाजपा में विश्वास जताते हुए पार्टी का झंडा थामा है। इस बीच कुछ भाजपा नेताओं का दावा है कि इस बार महानगर के कई दुर्गापूजा आयोजकों ने उनके साथ संपर्क किया है। वे उनके साथ मिलकर इस वर्ष पूजा का आयोजन करना चाहते हैं।