चैनल हिंदुस्तान डेस्क: कांग्रेस से नाराज चल रही पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्रियंका ने अपने ट्वीटर अकाउंट से पार्टी का नाम भी हटा दिया है। ख़बरों के मुताबिक प्रियंका ने अपना इस्तीफा अध्यक्ष राहुल गांधी को भेज दिया है।
ज्ञात हो कि प्रियंका ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के मथुरा में राफेल डील को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने प्रियंका से अभद्र व अमर्यादित व्यवहार किया था। प्रियंका ने इसकी शिकायत कांग्रेस अनुशासनात्मक कमिटी से की थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दोषी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि, बाद में पार्टी ने दोषी कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्यवाही को निरस्त कर दिया है। जिसके बाद से प्रियंका पार्टी से नाराज हैं। उन्होंने पार्टी के इस कमद के खिलाफ ट्वीटर पर निराशा भी प्रकट की थी।
उन्होंने ट्वीट किया कि ‘बड़े ही दुख की बात है कि पार्टी मारपीट करने वाले बदमाशों को अधिक वरीयता देती है, बजाय जो खून पसीने के साथ काम करते हैं। पार्टी के लिए मैंने अभद्र भाषा से लेकर हाथापाई तक झेली, लेकिन फिर भी जिन लोगों ने मुझे पार्टी के अंदर धमकी दी, उनके साथ कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं।’