चैनल हिंदुस्तान डेस्क: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने झारखंड में विपक्षी महागठबंधन को ठेंगा दिखा दिया है। इधर शिबू सोरेन ने महागठबंधन की सीटों की घोषणा की, उधर राजद ने झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। राजद ने महागठबंधन से नाता तोड़ते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने झारखंड की सभी 14 संसदीय सीटों पर प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है।
राजद के प्रधान महासचिव संजय यादव ने कहा कि महागठबंधन में पलामू सीट छोड़ने की बात की जा रही थी। यह कहीं से भी सही निर्णय नहीं है। उन्होंने राजद नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि प्रदेश राजद अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में संगठन एकजुट है। कहीं कोई टूट की बात नहीं है। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि राजद सभी 14 सीटों पर प्रत्याशी देगा। इसकी जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दे दी गई है।