चैनल हिंदुस्तान डेस्क: अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए कई राज्यों के स्कूल-कॉलेज शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल कॉलेज, शिक्षण संस्थाएं, ट्रेनिंग सेंटर को 11 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। देश के कई दूसरे राज्यों में भी शिक्षण संस्थाएं बंद कर दी गई हैं। अयोध्या फैसले के मद्देनजर मध्य प्रदेश के सभी स्कूल-आज बंद रहेंगे। भोपाल में धारा-144 पहले ही लागू है। बंद का ये आदेश सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू रहेगा। राजस्थान के भी सभी स्कूल और कॉलेज आज बंद हैं। राज्य प्रशासन ने इसकी घोषणा कर दी है।
देश की राजधानी दिल्ली में आज सभी सरकारी स्कूल और कई निजी स्कूल भी बंद हैं। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने प्राइवेट स्कूलों से भी स्कूल बंद रखने की अपील की है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के जम्मू में भी स्कूल-कॉलेज आज के लिए बंद कर दिया गया है।
कर्नाटक के स्कूल बंद
अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए कर्नाटक में भी आज सारे स्कूल बंद हैं। कर्नाटक के शिक्षा मंत्री ने ये घोषणा की है। कर्नाटक के कई जिलों में कॉलेज भी बंद हैं। संवेदनशील स्थानों पर रिजर्व पुलिस की तैनाती की जा रही है।
AMU की क्लासेज रद्द
अयोध्या के फैसले को देखते हुए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भी सभी कक्षाएं, टेस्ट को रद्द कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी से जुड़े स्कूल 11 नवंबर तक बंद कर दिए गए हैं।