चैनल हिंदुस्तान डेस्क: मध्यप्रदेश की चुनावी जंग में बेहद ही दिलचस्प और नया मोड़ आया है। साध्वी प्रज्ञा भाजपा में शामिल हो गई हैं। उसके कुछ बाद ही उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल सीट से टक्कर देने के लिए चुनावी मैदान में उतार दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, राम लाल और प्रभात झा से मुलाकात करने के बाद साध्वी प्रज्ञा भाजपा में शामिल हो गई हैं। पार्टी में शामिल होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि मैं आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गई हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लडूंगी भी और जीतूंगा भी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, राम लाल और प्रभात झा से मुलाकात करने के लिए बुधवार को साध्वी प्रज्ञा भाजपा के भोपाल स्थित कार्यालय पहुंच थी।
बता दें कि भोपाल लोकसभा सीट पर 12 मई को मतदान किया जाएगा। इस सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आलोक सांजर ने 7.14 लाख वोट अपने नाम किए थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पी.सी. शर्मा को महज 3.43 लाख वोट ही मिले थे। इस बार कांग्रेस ने इस सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतरा है।