चैनल हिंदुस्तान डेस्क: आलमगंज थाना क्षेत्र के दुर्गा चरण लेन में शुक्रवार की सुबह ईंट-पत्थर से कुचले युवक का शव पुलिस ने नाले से बरामद किया। नागरिकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि, इसी बीच युवक की पहचान में पुलिस टीम जुट गयी।
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि मृतक युवक की पहचान इसी थाना के मीना बाजार कूड़ा पर निवासी राजू प्रसाद के पुत्र 19 वर्षीय चंचल कुमार उर्फ विक्की के रूप में हुई, जो अब परिवार के साथ संपतचक के सुहोगी में रहता था। वहीं, वह बाइक मेकैनिक का काम करता था।
वह दादी के श्राद्ध में यहां आया था। हालांकि, युवक की पहचान होने के बाद पुलिस हत्यारों की टोह में लग गयी। दोपहर तीन बजे पुलिस ने हत्या में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि हत्या के मामले में गौतम कुमार उर्फ कल्लू व जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार कल्लू चार माह पहले हथियार के साथ पकड़ा गया था। एएसपी व थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की वजह महज इतनी थी कि मुहल्ले के एक युवक से गुरुवार की रात टक्कर हो गयी थी। इसके बाद चंचल ने युवक को थप्पड़ मार दिया था।
इसी बीच किसी काम से वह घर से रात दस बजे के आसपास में बाहर निकला। घर के बाहर आने के बाद रास्ते में बड़ी पटन देवी मुहल्ला निवासी गौतम उर्फ कल्लू से इसी बात को लेकर टकराव व कहासुनी हो गयी। इसके बाद गौतम चार अन्य साथियों को रात में घर से दोबारा बुला लिया। इसके बाद विक्की को भरोसे में लेकर दुर्गा चरण लेन पहुंचा। जहां विक्की की पिटाई करने के बाद ईंट- पत्थर से कुचल कर हत्या कर शव को नाले में डाल कर फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह जब सफाईकर्मी दुर्गा चरण लेन में पहुंचे तो नाले में युवक का शव देख सहम गये। समीप खून से सना ईंट- पत्थर रखा हुआ था।