चैनल हिंदुस्तान डेस्क: भारत इंटरनेट व स्मार्टफोनों के सबसे बड़े बाजार के तौर पर विकसित हो रहा है। अमेरिकी कंपनी सिस्को के मुताबिक, वर्ष 2021 तक देश में स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों की तादाद दोगुनी होकर 82.9 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कंपनी ने वर्ष 2022 तक भारत में डाटा की खपत भी पांच गुनी बढ़ने की बात कही है।
मोटे आंकड़ों के मुताबिक भारत में फेसबुक इस्तेमाल करने वालों की तादाद 30 करोड़ है जबकि व्हाट्सएप के मामले में यह तादाद 20 करोड़ है। इन दोनों के लिए भारत सबसे बड़ा बाजार है। ट्विटर के उपभोक्ताओं की तादाद भी बढ़ कर तीन करोड़ से ज्यादा हो गई है। बीते दिनों यहां एक संसदीय समिति के समक्ष पेश होने वाले ट्विटर के ग्लोबल वाइस प्रेसीडेंट (पब्लिक पालिसी) कोलिन क्रोवेल ने कहा था कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे तेजी से बढ़ता बाजार है।