चैनल हिंदुस्तान डेस्क: हुगलीे जिला के बंडेल ग्राम पंचायत की प्रधान ऋतु राम के पति व तृणमूल कांग्रेस के नेता दिलीप राम को आज सुबह लगभग 10 बजे अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गंभीर अवस्था में उन्हें हुगली इमामबाड़ा सदर अस्पताल में ले जाया गया है। सूचना के अनुसार गोली दिलीप राम के सिर पर लगी है। घटना के बाद इलाके में आतंक का माहौल है।
दिलीप राम रेलवे के कर्मचारी हैं। रोजाना की तरह वह ड्यूटी जाने के लिए बंडेल स्टेशन जा रहे थे। सूचना के अनुसार बंडेल स्टेशन के ठीक पास उन्हें काफी करीब से बदमाशों ने गोली मारी। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव का माहौल है।
चुचुड़ा विधानसभा के तृणमूल कांग्रेस के विधायक अमित मजेदार ने इस मामले में भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा समर्थक बिजू पासवान का हाथ है। दिलीप की पत्नी ऋतु राम का आरोप है कि बिजू पासवान व उसका उसका भाई लाला पासवान का घटना में हाथ है।
बता दें कि लाला पासवान अपराधी है। वह फिलहाल जेल में है। हत्या समेत एकाधिक आपराधिक मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। परिवार का आरोप है कि इससे पहले भी दिलीप पर कई बार हमले हो चुके हैं। इधर चंदननगर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा ले रहे हैं।