चैनल हिंदुस्तान डेस्क: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद से निपटने के तरीके पर यूपीए सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि इशरत जहां से उनका क्या रिश्ता था? इशरत जहां 2004 में गुजरात पुलिस द्वारा कथित फर्जी मुठभेड़ में मारी गई थी।
गांधीनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने सवाल किया, ‘आतंकी इशरत जहां से आपका क्या रिश्ता था? जब राहुल गांधी अमेरिकी राजदूत से मिले तो उन्होंने राजदूत को बताया कि जैश ए मुहम्मद नहीं, बल्कि देश के लोग ही हमारे देश के लिए बड़ा खतरा हैं।’ गांधीनगर सीट से इस बार भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी करते रहे हैं।
राहुल गांधी तथा उनकी बहन प्रियंका वाड्रा पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘वे (राहुल और प्रियंका) केवल चुनावों के दौरान मंदिर जाते हैं। अगर चुनाव नहीं होते हैं तो उनके पास मंदिर जाने का समय नहीं होता है।’
आदित्यनाथ ने गरीबी हटाने संबंधी नए वादे को लेकर भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कह रही है कि वह गरीब से लडे़गी। हालांकि उसे पहले यह बताना चाहिए कि आखिर उसके शासनकाल के दौरान गरीबी बढ़ी क्यों। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर 55 सालों तक राज किया, लेकिन गरीबी बढ़ती रही। उन्होंने आतंकवाद से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपनाई गई नीति की भी प्रशंसा की।